पहाड़ संवाद Hindi News Portal of Uttarakhand

उत्तराखंड स्लाइडर

महासू महाराज की पवित्र भूमि हनोल पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज त्यूनी जौनसार-बावर, देहरादून में आयोजित “मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं को किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें टोंस की तट पर स्थित आध्यात्मिक चेतना विशिष्ट परंपराओं की भूमि में आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम से पहले उन्होंने महासू महाराज के दर्शन किए थे। ऐसे धाम में कोई भी देवों की इच्छा के बिना नहीं आ सकता है। उन्होंने कहा कि वो स्वयं महासू महाराज के अनन्य भक्त हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जौनसार बावर में विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है। इस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य आरंभ किए गए हैं। महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए ₹120 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मास्टर प्लान के बाद यहां तीर्थाटन और रोजगार बढ़ेंगे। राज्य सरकार विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि हनोल के मास्टर प्लान पर जिस प्रकार की आवश्यकता है, उसे विस्तार दिया जाएगा। अभी इस मास्टर प्लान की शुरुआत है। हनोल मास्टर प्लान से इस क्षेत्र में बहुत बड़ी समृद्धि आने वाली है। प्रधानमंत्री जी की भी प्राथमिकता में यह पूरा क्षेत्र है। भविष्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस क्षेत्र में आएंगे जिससे यहां रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि केदारखण्ड, मानसखण्ड में श्रद्धालुओं की निरंतर संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकासनगर में यमुना धाम और हरीपुर नगर बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से हमारी जमीन और संसाधनों से छेड़छाड़ हो रही थी। कई लोग हमारी डेमोग्राफी को खराब और मूल अस्तित्व से छेड़छाड़ कर रहे थे। इस बार राज्य सरकार ने विधानसभा में जनता की मांग और जनभावनाओं के अनुरूप सशक्त भू सुधार कानून को लागू किया है। हमने जो वचन उत्तराखंड की देवतुल्य जनता से किया वो सारे वचन पूरे किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राज्य पूरे देश में कई विषयों पर चर्चा में है। देश के अग्रणी राज्य में हमारे राज्य का नाम है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखण्ड प्रथम स्थान पर आया है। बेरोजगारी दर में बीते एक साल में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। कर्तव्य पथ पर भी राज्य की झाकियां कभी पहले स्थान पर तो कभी टॉप 3 पर रहती हैं। ईज ऑफ डूइंग, स्टार्टअप, नवाचार हर क्षेत्र में हमारा राज्य आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड का जिक्र करते हुए हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रीय खेल के आयोजन हेतु राज्य की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री मोदी जी के ह्रदय में उत्तराखण्ड बसता है। 38वें राष्ट्रीय खेल ने देवभूमि को खेल भूमि के रूप में भी स्थापित किया है। राज्य सरकार प्रवासियों का सम्मेलन कर उन्हें सम्मानित कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता भी लागू हो गई है।

इस अवसर पर विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, जिला पंचायत सदस्य मठोर सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल, पूर्व एस.टी आयोग अध्यक्ष मूरत राम शर्मा, सचिव रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम कालसी गौरी प्रभात एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यदि आप अपना कोई लेख या कविता हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे (pahadsamvad@gmail.com) Email के माध्यम से भेजकर साझा कर सकते हैं!