पहाड़ संवाद Hindi News Portal of Uttarakhand

उत्तराखंड स्लाइडर

माँ नन्दा की डोली पहुँची ननिहाल, भावुक हुआ देवराड़ा; आस्था की राह में चमोली पुलिस के समर्पण को मिला सम्मान

माँ नन्दा की डोली पहुँची ननिहाल, भावुक हुआ देवराड़ा; आस्था की राह में चमोली पुलिस के समर्पण को मिला सम्मान

 

दुर्गम पहाड़ों से लेकर अंतिम पड़ाव तक सुरक्षा के साथ सेवा में डटी रही चमोली पुलिस, मंदिर समिति व व्यापार संघ ने पुलिस के सेवा-समर्पण को किया सम्मानित

प्रचलित माँ नन्दा जात यात्रा के अंतर्गत परगना बधाण की देव डोली आज अपनी वापसी यात्रा के महत्वपूर्ण एवं दिन के अंतिम पड़ाव भेंटा गाँव पहुँची। माँ नन्दा की डोली के भेंटा पहुँचते ही पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठा। स्थानीय ग्रामीणों, माँ नन्दा देवी के थोकदारों एवं श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सहित पुलिस अधिकारियों ने माँ नन्दा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और माँ नन्दा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने जनपद में सुख-शांति, समृद्धि तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की।

 

भेंटा में श्रद्धालुओं के बीच पहुँचे पुलिस अधिकारियों का अंदाज भी इस यात्रा के मानवीय पक्ष को सामने लाता नजर आया। चमोली पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

 

माँ नन्दा जात यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना चमोली पुलिस के सामने बड़ी जिम्मेदारी थी। यात्रा के दुर्गम मार्ग, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और कई स्थानों पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपने कर्तव्यों में डटे रहे।

 

यात्रा के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कुशल नेतृत्व एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने वाले अधिकारियों के योगदान को भी सम्मान दिया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज एवं पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर केन्द्रीय समिति श्री माँ नन्दा देवी राजराजेश्वरी नंदाक बधांण देवराड़ा द्वारा भी माँ नन्दा जात यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी में नियुक्त रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

केन्द्रीय समिति द्वारा पुलिस बल के कार्यों की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान मिलने के इस अवसर ने उन पुलिसकर्मियों के लिए भी खास मायने रखे, जिन्होंने यात्रा के दौरान कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक ड्यूटी करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

 

पुलिस अधीक्षक चमोली ने केन्द्रीय समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने व्यापक धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में स्थानीय समितियों, ग्रामीणों, व्यापारियों एवं आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहा।

 

यात्रा के इस पड़ाव के बाद थाना थराली में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहाँ व्यापार मंडल थराली के सदस्यों द्वारा माँ नन्दा जात यात्रा के दौरान यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में चमोली पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई।

 

व्यापार मंडल के सदस्यों द्वारा पुलिस अधीक्षक चमोली, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली ने व्यापार मंडल एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस और स्थानीय जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आमजन का सहयोग पुलिस के लिए हमेशा महत्वपूर्ण है और इसी सामूहिक सहयोग से धार्मिक यात्राओं एवं बड़े आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

 

पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि माँ नन्दा जात यात्रा जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक आयोजन में ड्यूटी करना पुलिस के लिए केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास की सुरक्षा से जुड़ा दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम मार्गों एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। यात्रा के सफल संचालन में प्रत्येक पुलिसकर्मी का योगदान महत्वपूर्ण रहा।

 

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक चमोली माँ नन्दा जात यात्रा के अंतिम पड़ाव सिद्धपीठ धाम देवराड़ा पहुँचे। यहाँ पुलिस अधिकारियों द्वारा माँ नन्दा देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा जनपद में सुख-शांति, समृद्धि एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई।

 

माँ नन्दा जात यात्रा की परंपरा के अनुसार यात्रा पूर्ण करने के पश्चात माँ नन्दा अपनी ननिहाल सिद्धपीठ धाम देवराड़ा में छह माह के लिए विराजमान होती हैं। माँ नन्दा की डोली के देवराड़ा पहुँचने के साथ ही यात्रा के इस महत्वपूर्ण चरण का भावपूर्ण समापन हुआ।

 

डोली के अंतिम पड़ाव पर पहुँचते ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। किसी के चेहरे पर वर्षों पुरानी आस्था की चमक थी तो किसी की आँखों में माँ नन्दा के ननिहाल पहुँचने की खुशी। ढोल-दमाऊं की गूंज और श्रद्धालुओं की जयकारों के बीच देवराड़ा का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक थराली विधानसभा डॉ. जीत राम टम्टा, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, केन्द्रीय समिति श्री माँ नन्दा देवी राजराजेश्वरी नंदाक बधांण देवराड़ा के अध्यक्ष सुशील रावत, उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह भण्डारी, सचिव पृथ्वी बुटोला, कोषाध्यक्ष प्रेम शंकर सिंह बुटोला, अध्यक्ष नन्दा देवी बधाण डोली नरेश गौड़, नगर पंचायत वार्ड सदस्य श्रीमती मोहनी देवी, नगर पंचायत सभासद दिवाकर नेगी, नामित नगर पंचायत सभासद प्रदीप जोशी, अब्बल सिंह पिमोली, उमेश पुरोहित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय नागरिक एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यदि आप अपना कोई लेख या कविता हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे (pahadsamvad@gmail.com) Email के माध्यम से भेजकर साझा कर सकते हैं!